वरिष्ठ पत्रकार.कपूरथला।
यहां के बहुत बड़े होटल में पुलिस की रेड हुई। बताया जा रहा है कि 40 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया। इस बात की पुष्टि, पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने की। उन्होंने बताया कि रेड में उनकी 2 विशेष टीम ने अंजाम दिया। इसमें साइबर सेल की टीम भी शामिल थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यहां पर एक फ्राड का नेटवर्क बड़े स्तर पर चल रहा था। यहां से 40 लैपटॉप, 67 मोबाइल फोन तथा 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामला पुलिस स्टेशन साइबर क्राइम कपूरथला में दर्ज किया गया है।
कथित अभियुक्तों पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 111, 318(4), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धाराओं 663 व 664 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। बड़े नेटवर्क और धन के लेन-देन के स्रोतों की जांच के लिए जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि यह रैकेट अमरिंदर सिंह उर्फ साबी टोहरी, निवासी मोहल्ला गुजराती द्वारा चलाया जा रहा था।
अवैध कॉल सेंटर चल रहा था
उन्होंने होटल लीज पर लेकर इसे एक अवैध कॉल सेंटर बना रखा था। कॉल सेंटर की देखरेख जसप्रीत सिंह और साजन मदान (साऊथ एवेन्यू, नई दिल्ली) कर रहे थे। दोनों का सीधा संपर्क दिल्ली के एक व्यक्ति सूरज से मिला है, जो कोलकाता के शेन से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरोह अमेरिका और कनाडा के लोगों को सॉफ्टवेयर समाधान उपलब्ध कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा था। इनके लेन-देन मुख्यतः बिटकॉइन के माध्यम से होते थे, जबकि हवाला चैनलों के जरिये भी पैसे ट्रांसफर किए जाते थे। अधिकारियों ने कहा कि धोखाधड़ी के दायरे और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जानकारी के लिए और जांच जारी है।

