वरिष्ठ पत्रकार.कपूरथला।
ट्रैक्टर पलटने से एक 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी गांव महिवाल के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार मृतक गुरविंदर सिंह के परिजनों ने बताया कि गुरविंदर सिंह नया घर बनाने के लिए वह किसी काम से ट्रैक्टर पर सवार होकर घाट के ऊपर से जा रहा था। तभी किसी कारणवश ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर घाट से नीचे गिरने के कारण पलट गया। इस हादसे में गुरविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरविंदर सिंह की मौत के बाद उनके परिवार को गहरा सदमा लगा है और पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने यह भी बताया कि गुरविंदर सिंह की पत्नी और दो बच्चे हैं। जिनमें एक लड़का 10 वर्ष और एक लड़की 7 वर्ष की है। उन्होंने यह भी बताया कि गुरविंदर सिंह बहुत ही मेहनती और परिश्रम करने वाला युवक था और उसके भाई के विदेश चले जाने के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उसी पर थी। कई वर्षो की कड़ी मेहनत के बाद वह नया घर बनवाने में जुटा हुआ था।