एसएनई नेटवर्क.लुधियाना।

यहां की स्थानीय अदालत में लिफ्ट खराब हो जाने से 4 अधिवक्ता सहित कुल 7 लोग बुरी तरह से फंस गए। मामला पंजाब की आर्थिक राजधानी लुधियाना से जुड़ा हैं। घटनाक्रम शुक्रवार की बाद दोपहर साढ़े तीन बजे की बताई जा रही हैं। लगभग ढाई घंटा चले राहत कार्य उपरांत सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
घटना का पता उस समय चला जब ऊपर जाने के लिए इंतजार कर रहे लोगों ने देखा कि काफी समय से लिफ्ट नीचे नहीं आई। लिफ्ट में 4 अधिवक्ता और 2 क्लर्क मौजूद थे। जैसे ही अन्य वकीलों को इस संबंध में पता चला तो उन्होंने तुरंत लिफ्ट में फंसे वकीलों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया।
काफी समय बाद भी जब लिफ्ट नहीं खुली तो जिला सत्र न्यायाधीश मनीष सिंघल, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश राजकुमार, वरिष्ठ सहायक न्यायाधीश हरसिमरनजीत सिंह मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर एंबुलेंस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दीवार तोड़कर लिफ्ट में फंसे सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में अधिवक्ता में भारत भूषण गंभीर, अतुल गिरी, शाम लाल घई समेत अन्य लोग फंसे थे। प्रमुख कारण लंबे समय से लिफ्ट की मरम्मत तक नहीं हुई थी। बीच-बीच में कई बार खराब होने की बात भी सामने आ चुकी हैं। लेकिन, प्रशासन ने इस बात को हमेशा ही हलके में लिया।
समय पर मरम्मत करवाने की मांग
सूत्रों की मानें तो पता चला है कि लिफ्ट की काफी समय से मरम्मत न करवाने के कारण शुक्रवार को 7 लोगों की जान संकट में आई। वकीलों में इस घटना के बाद प्रशासन की इस लापरवाही के प्रति रोष दिखा। वकीलों ने कहा कि रोजाना लिफ्ट खराब हो जाती है। अभी कुछ दिन पहले भी कुछ लोग लिफ्ट में फंसे थे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि समय अनुसार लिफ्ट की मरम्मत का कार्य करवाया जाए, ताकि किसी को दिक्कत नहीं हो।