लुधियाना सड़क हादसे में चली गई 5 जिंदगियां….घरों में छाया मातम….पुलिस पर लगे देरी से पहुंचने के आरोप

सांकेतिक तस्वीर

एसएनई नेटवर्क.लुधियाना।

देर रात को नहर में फॉर्च्यूनर कार गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक डिग्गी टूटने की वजह से बाहर निकल गया और बच गया। हादसा गांव झमट के पास हुआ। सभी मृतक दोस्त थे। मृतकों में गांव नंगला निवासी जतिंदर सिंह (40) और जगतार सिंह (45), गोपालपुर निवासी जग्गा सिंह (35), लेहल निवासी कुलदीप सिंह और गांव रुड़का निवासी जगदीप सिंह (35) शामिल हैं। घायल की पहचान सन्नी के रूप में हुई है। तीन दिन पहले ही जतिंदर सिंह ने फॉच्यूर्नर का खरीदी थी। दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद घर लौटते वक्त यह दर्दनाक हादसा हो गया।


जतिंदर सिंह कनाडा में रहता था और कुछ समय पहले ही विदेश से आया था। उसने पुरानी अच्छे मॉडल की कार खरीद करने का मन बनाया। तीन दिन पहले ही फॉर्च्यूनर कार ली। इससे उसके दोस्त भी काफी खुश थे। सभी ने उससे पार्टी मांगी। दोस्तों के साथ वह पार्टी करने पहुंचा। देर रात हादसे में जतिंदर सिंह और उसके साले कुलदीप समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जतिंदर सिंह का परिवार भी विदेश में रहता है। विदेश में रहने वाले पारिवारिक सदस्यों को जानकारी दे दी गई है।


सोमवार की देर रात को गांव झमट के पास हुए हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पांचों मृतक आसपास चार गांवों के रहने वाले थे। हादसे के तुरंत बाद चारों गांव के लोग मौके पर ही इकट्ठा हो गए। पांचों के परिवार वाले भी वहां पहुंचे। घटनास्थल पर कोहराम मच गया। पांच युवकों की मौत के कारण चारों गांवों में मातम छा गया।


परिवार वालों ने आरोप लगाया कि हादसे के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्रेन मंगवाई और गाड़ी बाहर निकलवाई गई। गाड़ी जब बाहर निकाली तो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी और पांचों के शव गाड़ी में पड़े थे। जब पुलिस ने सन्नी से पूछताछ की तो पता चला कि गाड़ी अचानक बेकाबूू हो गई और नहर में गिर गई।

50% LikesVS
50% Dislikes