SNE NETWORK.MOGA.
बेसहारों का सहारा बने हुए पंजाब पुलिस के मुलाजिम हवलदार जसबीर सिंह की जितनी सराहना की जाए वो उतनी ही कम है। वह तन मन धन से मानव सेवा में जुटे हैं। उनके इस नेक काम के लिए हर कोई तारीफ करता है। मोगा पुलिस में पिछले 28 वर्षों से तैनात गांव चिड़ीक निवासी हवलदार जसबीर सिंह 2018 में मोगा के एक वृद्धाश्रम में सेवा करने के लिए गए थे। तब से उन्होंने अपना मन बना लिया कि इन लोगों के लिए कुछ करेंगे। वे किसान परिवार से हैं। ड्यूटी के साथ-साथ सड़क से बेसहारा लोगों को उठाकर उनकी सेवा करते है।
एक आस आश्रम सेवा सोसाइटी बनाई
वर्ष 2023 में कुछ एनआरआई लोगों के सहयोग से मोगा में करोड़ों रुपये खर्च करके एक आस आश्रम सेवा सोसाइटी बनाई, जिसमें बेसहारा लोगों को लाकर उनकी सेवा करते हैं। इसमें आज 65 के करीब बेसहारा लोग हैं। उन्हें दवा देना, कपड़े बदलना, रोटी खिलाना, पगड़ी बांधना सभी काम हवलदार जसबीर सिंह करते हैं। इनमें से कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें बहुत ही बुरी हालत में उठाकर लाए थे, किसी के पैर में कीड़े तक लगे थे, सेवा से उन्हें स्वस्थ किया।
एसएसपी से लेकर पूरी पुलिस टीम करती सहयोग
एसएसपी और पूरी पुलिस टीम उनके इस काम में सहयोग करती है। इस आश्रम में कुछ लोग ठीक होकर अपने घर भी जा चुके हैं। उनके साथ कुछ लोग जुड़े हैं जोकि अपनी कमाई से कुछ हिस्सा इन लोगों की सेवा के लिए भेज देते हैं जिसमें राशन की खर्चा, दवा, कपड़े इत्यादि सभी कुछ आ जाता है। जसबीर सिंह ने कहा वे जल्द ही एक अस्पताल का निर्माण करने जा रहें , जिसमें गरीब लोगों का फ्री इलाज भी होगा।