वरिष्ठ पत्रकार.मोगा।
मोगा में शुक्रवार देर शाम मोगा-कोट ईसे खां लिंक रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के सहयोगी और रंगदारी वसूली में सक्रिय गुरविंदर सिंह उर्फ गींदी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल मोगा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मोगा के एक कारोबारी से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिये एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी, जो गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के नाम पर थी। इसी कड़ी में गुरबिंदर ने उक्त कारोबारी की दुकान पर फायरिंग भी की थी।शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि गुरबिंदर अवैध हथियारों सहित किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में लिंक रोड पर मौजूद है।
इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। रोकने की कोशिश पर आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और गुरविंदर घायल हो गया। पुलिस के अनुसार गुरविंदर सिंह जिला तरनतारन का रहने वाला है और उसके खिलाफ मोगा सिटी थाने में पहले से ही मामले दर्ज हैं जिनमें एक आर्म्स एक्ट का केस भी शामिल है। वह लंबे समय से विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के लिए काम कर रहा था और रंगदारी वसूली में उसकी सक्रिय भूमिका थी।

