एसएनई नेटवर्क.मोगा।

पंजाब के मोगा जिले से एक गार्ड की बहादुरी का वीडियो सामने आया है। गार्ड तीन हमलावरों से भिड़ गया और लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया। मामला गांव दारापुर का है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस भी फुटेज के आधार पर लुटेरों का पता लगाने में जुट गई है। आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। सोशल मीडिया पर घटना का पूरा वीडियो अब वायरल हो गया है। जांबाज गार्ड का नाम मंदार सिंह है। लुटेरे इंडसइंड बैंक में लूट की नीयत से पहुंचे थे।
लुटेरों ने चेहरा ढक रखा था। जब गार्ड ने चेहरा खोलने को कहा तो वह हमलावर हो गए। तीनों ने गार्ड को जमीन पर गिरा दिया और पिटाई करना शुरू कर दिया। मगर गार्ड मंदार सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। जांबाजी से तीनों का मुकाबला किया। लुटेरों ने गार्ड की बंदूक छीनने की कोशिश की मगर वह कामयाब नहीं हो सके।
इसी दौरान एक लुटेरे ने उनके बांह पर कृपाण से कई बार हमला किया। इससे उनकी बाह में कट लग गया है। मोगा सदर थाने के एसएचओ जसविंदर सिंह का कहना है कि दारापुर गांव में लूट की कोशिश की घटना हुई है। मामले की जांच जारी है।
गार्ड मंदार सिंह ने कहा कि तीन आरोपी मोटरसाइकिल पर मुंह ढके पहुंचे। उन्हें देखकर मुझे कुछ शक हुआ तो मैंने उन्हें चेहरा दिखाने को कहा। मगर उन्होंने माना कर दिया। इसके बाद हाथापाई करने लगे और उन्होंने मेरी बांह पर कृपाण से हमला किया। मैं लड़ता रहा और उनका पीछा करता रहा।



