वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली।
पंजाब के मोहाली में शनिवार शाम को मल्टीस्टोरी बिल्डिंग गिर गई। NDRF अधिकारियों के मुताबिक मलबे में 5 लोग दबे। इनमें 3 लड़के और 2 लड़कियां हैं। एक लड़की को बाहर निकाला गया है। घायल लड़की की हालत के बारे में औपचारिक जानकारी नहीं मिली है। मौके पर NDRF के साथ आर्मी की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। घटना स्थल पर JCB मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची है।
घटना गुरुद्वारा सोहाना साहिब के पास शाम करीब 4:30 बजे हुई। लोगों के मुताबिक ये बिल्डिंग करीब 10 साल पुरानी थी। इसके बगल में बेसमेंट की खुदाई चल रही थी, जिससे बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई और वह गिर गई। जिस वक्त बिल्डिंग गिरी, उस वक्त जिम के खुले होने की सूचना है।
जिम ट्रेनर केशव ने कहा शनिवार होने के चलते जिम में ज्यादा लोग आते नहीं हैं। एक लड़का था, जिसे बाहर निकाल दिया था। बिल्डिंग की 3 फ्लोर में जिम थे, बाकी 2 में कमरे थे। जहां लोग किराए पर रहते थे। एंट्री काउंटर पर रजिस्टर रहता है। जिसमें सभी की एंट्री रहती है। वह रजिस्टर मिल गया है। PG में कितने लोग थे, पता नहीं है। वहीं मोहाली की SDM दमनदीप कौर ने बताया कि स्थानीय लोग करीब 15 लोगों के दबे होने के बारे में बता रहे थे।
वहीं आनंदपुर साहिब से सांसद मालविंदर कंग ने कहा कि ऐसा पता लगा कि यहां जिम था, जहां युवा एक्सरसाइज करने आते थे। अभी यह क्लियर नहीं हुआ कि उस वक्त इसमें कोई था या नहीं। अभी टीमें रेस्क्यू में लगी हुई हैं।
कंट्रोल रूम बनाया, हेल्पलाइन नंबर जारी
मोहाली बिल्डिंग हादसे में जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके साथ हेल्पलाइन नंबर +91 172-2219506 भी जारी किया है। प्रशासन ने सिविल अस्पताल मोहाली, फोर्टिस, मैक्स और सोहाना अस्पताल को अलर्ट पर रखा है।