वरिष्ठ पत्रकार.पटियाला।
कुरुक्षेत्र में हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़े गए आरोपी गुरविंद्र और संदीप काे CIA-2 की टीम पंजाब लेकर पहुंची। यहां टीम ने आरोपियों से ग्रेनेड वाली जगह की निशानदेही करवाई। साथ ही टीम उस बाइक की तलाश कर रही है, जिस पर आरोपी ग्रेनेड लेने के लिए गए थे।
उधर, सूत्रों से पता चला कि इस गैंग के सरगना ने ही पंजाब के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर 7 अप्रैल की रात को ग्रेनेड से हमला करवाया था। मामले में NIA ने यूपी के अमरोहा के सैदूल अमीन व कुरुक्षेत्र के अभिजोत जांगड़ा समेत गिरोह के फरार चल रहे सरगना कुलबीर सिद्धू के खिलाफ केस दर्ज किया था। सूत्रों के मुताबिक, यमुनानगर के कुलबीर सिद्धू ने ही इंग्लैंड में कुरुक्षेत्र के पुलिस स्टेशन को उड़ाने का प्लान बनाया था। इस प्लान को कामयाब बनाने के लिए उसने अपने दूसरे साथी साहिल से मदद मांगी थी, जो कि अमेरिका में बैठा हुआ है। इस केस में उसके तीसरे साथी मनीष उर्फ काका राणा का नाम भी सामने आ रहा है।

