बेवफा प्यार, बेदर्द पति ……पत्नी को भाखड़ा में धक्का देकर की हत्या की…कुछ समय पहले हुआ था प्रेम विवाह….दो दिन पहले ही रच दी थी हत्या की साजिश

वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.नितिन धवन.पटियाला। 

दरगाह पर माथा टेकने के बहाने ले जाकर पत्नी को भाखड़ा नहर में धक्का देकर उसका कत्ल करने का मामला सामने आया है। मामला पंजाब के पटियाला का है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामले में विवाहिता की मां के बयान पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। फुला देवी निवासी विर्क कॉलोनी पटियाला ने पुलिस को बयान दिया है कि बेटी रंजना (22) की शादी करीब दो साल पहले संजू निवासी अमन नगर नजदीक डीसीडब्ल्यू पटियाला के साथ हुई थी।

दोनों का था प्रेम विवाह 

फूला देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 9 जून 2022 को उसकी बेटी व दामाद हरिद्वार में स्नान करने के बाद वापस उसके घर आए। आरोपी दामाद संजू ने बताया कि वह उसकी लड़की रंजना का कत्ल करने के लिए उसे हरिद्वार लेकर गया था लेकिन फुला देवी ने समझा कि शायद दामाद मजाक कर रहा है। उसी दिन शाम करीब छह बजे आरोपी संजू अपनी पत्नी के साथ अपने घर चला गया। बाद में पता लगा कि वह दोनों किसी दरगाह पर माथा टेकने गए हैं। अगले दिन 10 जून को जब फुला देवी ने आरोपी दामाद को फोन कर रंजना के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह दरगाह पर उससे लड़कर कहीं चली गई है और अब तक घर वापस नहीं लौटी।

चरित्र पर करता था शक  


फुला देवी ने आरोप लगाया कि दामाद अक्सर उसकी बेटी के चरित्र पर शक करता था। इस बात को लेकर वह उसके साथ मारपीट भी करता रहता था। फुला देवी ने आरोप लगाया कि दरगाह पर माथा टेकने के बहाने संजू ने ही उसकी बेटी को गांव अबलोवाल के पास भाखड़ा नहर में धक्का देकर कत्ल कर दिया है। पुलिस ने इस बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कत्ल व लाश को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उधर, विवाहिता के शव को खन्नौरी नहर से पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक विवाहिता के शव की परिवार वालों ने शिनाख्त कर ली है।

100% LikesVS
0% Dislikes