वरिष्ठ पत्रकार.पटियाला।
कैदियों के 2 गुट में खूनी झड़प हो गई। मामला, पंजाब की केंद्रीय जेल पटियाला से जुड़ा हैं। विवाद तंबाकू की पुड़िया को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से काफी पत्थरबाजी हुई। आधा दर्जन कैदी घायल होने की पुष्टि हुई। घायलों को राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने कैदियों के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि जेल के भीतर तंबाकू की पुड़िया को हासिल करने को लेकर 2 गुट आपस में मारपीट करने लग पड़े। मामला इतना बढ़ गया कि कैदियों ने एक-दूसरे पर पत्थर मारने शुरू कर दिए। इस दौरान 6 कैदी घायल हो गए। घायलों में से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनके सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोटें आई हैं।
घायल कैदियों की पहचान
कैदी विकास कुमार, बलवीर, वीर व हर्ष को राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया गया है, जबकि शेष दो को जेल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। एसपी (जेल) ने माना कि इस भिड़ंत में और कैदी भी शामिल थे, जिनकी पहचान की जा रही है। कैदियों के खिलाफ नशा तस्करी के केस दर्ज हैं, जबकि जेल अस्पताल में दाखिल दोनों कैदियों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज है। मामले में लिप्त कैदियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।