वरिष्ठ पत्रकार.रुपनगर।
रोपड़ में चंडीगढ़ पुलिस के पूर्व DSP ने साथियों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता नितिन नंदा पर फायरिंग कर दी। उन पर 3 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली उनके सिर के पीछे लगी, जबकि 2 गोलियां उनके शरीर को छूकर निकल गईं। घायल नितिन नंदा को तुरंत सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया।अभी भी गोली सिर के अंदर फंसी हुई है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना आनंदपुर साहिब के आदमपुर चौक-जहाज रोड पर सामने आई। नंदा यहां विवाह समारोह में आए हुए थे। बताया जा रहा है दोनों पक्षों में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। 2024 में नंदा ने AAP जॉइन की थी। उन्होंने 2 विधानसभा चुनाव भी लड़े, जिनमें उन्हें हार मिली।
एसपी गुरदीप सिंह गोसल ने बताया कि सूचना मिलते ही एसएचओ और डीएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फायरिंग में चंडीगढ़ पुलिस के एक पूर्व डीएसपी दिलशेर सिंह, राम कुमार, और एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

