एसएनई नेटवर्क.रुपनगर/चंडीगढ़।
पंजाब में पुलिस ने टारगेट किलिंग की बड़ी साजिश को नाकाम किया है। मोहाली पुलिस टीम ने टारगेट किलिंग करने वाले गुरिंदर सिंह उर्फ गुरी को खरड़ से गिरफ्तार कर लिया। 3 पिस्टल और 10 कारतूस गुरी से बरामद किए गए हैं। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि वह एक अहम शहर में किसी को टारगेट बनाने वाला था। उन्हें यूरोपियन बेस्ड हैंडलर इस बारे में निर्देश दे रहा था। पकड़ा गया गुरिंदर सिंह उर्फ गुरी शेरा फतेहगढ़ साहिब के गांव सिधवां का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले भी फिरौती, आर्म्स एक्ट, स्नेचिंग और डकैती के 3 केस दर्ज हैं।
रोपड़ रेंज के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को इस बारे में खुफिया इनपुट मिले थे। गुरी शेरा अपने साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ जॉनी निवासी मलकपुर जट्टां पटियाला के साथ हथियारों की अवैध स्मगलिंग में शामिल है। इसके बाद दोनों के खिलाफ मोहाली के सिटी खरड़ पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मध्य प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश से लाते थे अवैध हथियार
पुलिस पूछताछ में गुरी ने बताया कि यह हथियार उन्होंने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से खरीदे थे। वह यूरोपियन बेस्ड हैंडलर के टच में था। उसे हथियार खरीदने के लिए डेढ़ लाख रुपए भी दिए गए थे। उन्हें यह अवैध हथियार गैंग के मेंबरों को पंजाब में सप्लाई करने थे। उन्होंने कहा कि पूरी साजिश का पता लगाने के लिए पुलिस जांच चल रही है। जल्द ही गुरी के साथी जॉनी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।