खालिस्तानी नारे लिखने वाले 3 गिरफ्तार….शराब की लत को पूरा करने तथा पैसे की लालच की वजह से दिया हरकत को अंजाम…विदेश से खाते में हुए फंडिंग

एसएनई नेटवर्क.संगरूर/चंडीगढ़।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में खालिस्तानी नारे लिखने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शराब के आदी बरनाला के हमीदी के रहने वाले आरोपी ने अपने साले और उसके बेटे के साथ मिलकर यह नारे लिखे। इन तीनों ने प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के कहने पर यह नारे लिखे थे। जिसके बदले उनके खाते में विदेश से भी पैसे आए। इन्हीं तीनों ने संगरूर से हरियाणा के करनाल जाकर वहां भी खालिस्तानी नारे लिखे थे।


गड़बड़ी फैलाना था मकसद
संगरूर के एसएसपी मनदीप सिद्धू ने बताया कि 19 जून और 26 जून को संगरूर में कुछ खालिस्तान से जुड़े नारे लिखे गए थे। यह एक धार्मिक स्थल और कुछ अन्य जगहों पर लिखे गए थे। प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। इनका मकसद समाज में गड़बड़ी पैदा करना और भाईचारे को तोड़कर समुदायों में तनाव पैदा करना था।


मॉल का पूर्व सिक्योरिटी गार्ड मुख्य आरोपी
एसएसपी सिद्धू ने बताया कि एसएफजे प्रमुख ने वीडियो जारी करने की जिम्मेदारी ली थी। इस मामले में रेशम सिंह, उसका साला कुलविंदर सिंह और उसका बेटा मनप्रीत सिंह शामिल थे। रेशम सिंह चंडीगढ़ स्थित एलांटे मॉल और दूसरे मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता रहा है।


शराब पीने का आदी जीजा, साला एक साल जेल में रहकर आया
रेशम सिंह बहुत ज्यादा शराब पीने का आदी है। उसका साला कुलविंदर सिंह अपने पिता के मर्डर केस में एक साल जेल में रहा। वह हाल ही में जेल से बाहर आया है। कुलविंदर का बेटा मनप्रीत १९ साल का है। कुलविंदर पीर की चौकी लगाता है। उन्होंने कहा कि इन्हें पैसे का लालच दिया गया था। बाद में पता चला कि इनके बैंक खातों में अलग-अलग जरिए से रुपए भेजे गए। जिसके अहम सबूत पुलिस को मिल गए हैं।


वारदात के पहले और बाद में कपड़े बदले
इन तीनों को कहा गया था कि जब नारे लिखने के लिए जाना है तो अलग कपड़े पहनने हैं। वारदात के बाद दूसरे कपड़े पहनने हैं। ताकि सीसीटीवी में अगर दिखे तो उन्हें पहचाना न जा सके। करीब 25 से 30 किमी दूर आकर वीडियो अपलोड करनी है। इन्होंने ही 19 जून को भवानीगढ़ के रास्ते कैथल से होते हुए करनाल जाकर नारे लिखे थे।

50% LikesVS
50% Dislikes