SNE NETWORK.SANGRUR.

पंजाब के संगरूर जिले में भारतमाला हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। भवानीगढ़ के पास एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि उनकी एक अन्य महिला मित्र गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अचानक तेज ब्रेक लगा दिए
जानकारी के अनुसार, दिल्ली का रहने वाला प्रिंस कुमार अपनी दो महिला दोस्तों, सानिया सिद्दीकी और माहिरा के साथ कार से जम्मू-कटड़ा (माता वैष्णो देवी) दर्शन के लिए जा रहा था। प्रिंस का भाई भी अपनी अलग कार में उनके पीछे-पीछे आ रहा था। जब उनकी कार भारतमाला हाईवे पर भवानीगढ़ तहसील के गांव फग्गूवाला के पास पहुंची, तो आगे चल रहे एक ट्रक के चालक ने बिना कोई इंडिकेटर या इशारा दिए अचानक तेज ब्रेक लगा दिए।
कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी
ब्रेक लगते ही पीछे आ रही प्रिंस की कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। पीछे से आ रहे परिजनों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को निकाला और सरकारी अस्पताल भवानीगढ़ पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रिंस कुमार और माहिरा को मृत घोषित कर दिया। सानिया सिद्दीकी का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसा ट्रक चालक की लापरवाही (अचानक ब्रेक लगाने) की वजह से हुआ है। शिकायतकर्ता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।###UK###CANADA###USA###ACCIDENT-NEWS-AT-SANGRUR###PUNJAB###CHANDIGARH###INDIA###IRELAND###SWEDEN###VIETNAM###CHINA###AUSTRALIA###NEWZEALAND###FRANCE###SINGAPORE###GERMANY###ITLAY###@

