वरिष्ठ पत्रकार.संगरुर।
हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह का संगरूर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह से जुड़े 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से 21 पिस्टल बरामद किए गए। ये कथित अपराधी पंजाब को दहलाने की फिराक में थे। असलहा का इस्तेमाल वसूली और आपसी गैंगवार में किया जाना था। इस बात की पुष्टि, पंजाब पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने की।
उन्होंने बताया कि थाना छाजली पुलिस ने सूचना मिलने पर महलां चौक में 2 संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। उनके हाथ एक बैग था। तलाशी लेने पर 21 पिस्तौल मिले। कथित अपराधियों की पहचान बलजिंदर सिंह उर्फ रॉक, करण शर्मा दोनों निवासी लुधियाना के रूप में हुई।
पूछताछ में इस बात का हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि कथित अपराधी मध्य प्रदेश से अवैध असलहा लेकर आ रहे थे। बस बदलने के खातिर महलां चौक पर उतरे, जहां पुलिस पार्टी ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों ने ये खेप राजीव कौशल उर्फ गग्गू निवासी देहलां जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश) ने मंगवाई थी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के भी जुड़ रहे तार
आरोपी राजीव कौशल से पूछताछ करने पर यह बात सामने आई कि उसका संपर्क रवि बलाचौरिया और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुछ अपराधियों से है और उसने रवि बलाचौरिया के कहने पर यह हथियार मध्य प्रदेश से मंगवाए थे। असलहे की ये खेप मोहाली, खरड़ और नवांशहर में विभिन्न अपराधियों तक पहुंचाई जानी थी। हथियार बनाने वाला भी बुरहानपुर का रहने वाला है। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि आरोपी बलजिंदर सिंह उर्फ रॉक के खिलाफ लुधियाना और पटियाला के विभिन्न थानों में 17 मामले दर्ज हैं और राजीव कौशल उर्फ गग्गू के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के थानों में 19 मामले दर्ज हैं।