अमित मरवाहा. नितिन धवन.तरनतारन।
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने एक और भ्रष्ट पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। तरनतारन पुलिस ने फरीदकोट के डीएसपी लखवीर सिंह को नशा तस्कर से 10 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि तरनतारन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपी डीएसपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
डीजीपी के अनुसार, तरनतारन जिला पुलिस ने रविवार को पट्टी मोड़ के पास एक पेट्रोल पंप से पिशोरा सिंह नाम के तस्कर को गिरफ्तार किया था। ड्रग सप्लायर से २५० ग्राम अफीम और १ लाख रुपए ड्रग मनी बरामद की गई। इससे पहले तरनतारन पुलिस ने मारी मेघा गांव से उसके सहयोगी सुरजीत सिंह को 900 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था।
डीजीपी ने बताया कि तरनतारन पुलिस द्वारा जांच के दौरान सुरजीत ने खुलासा किया कि उसने पिशोरा से अफीम खरीदी थी, जो मुख्य सप्लायर है। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू की तो पिशोरा ने सीआईए में तैनात एएसआई रशपाल सिंह को 8 लाख रुपए की पेशकश की, लेकिन रशपाल ने रिश्वत लेने से इनकार कर दिया।
डीएसपी लखवीर ने करवाई डील
उन्होंने बताया कि पिशोरा ने तरनतारन के सीतो गांव के अपने जानकार निशान सिंह के माध्यम से रशपाल सिंह के भाई हीरा सिंह से मुलाकात की। इसके साथ ही डीएसपी लखवीर से संपर्क किया। लखवीर सिंह हीरा सिंह का चचेरा भाई भी हे। डीएसपी ने एफआईआर से नाम हटाने के लिए 10 लाख रुपए में समझौता करवाया। डीएसपी ने हीरा को रकम अपने पास रखने के लिए कहा।
हीरा सिंह के घर से 10 लाख रुपए बरामद
पिशोरा सिंह के खुलासे पर हीरा सिंह के घर से पुलिस ने करीब 10 लाख रुपए बरामद किए हैं। एसएसपी तरनतारन रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर में एएसआई रशपाल सिंह, निशान सिंह और हीरा सिंह को भी नामजद किया है। उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।