अमित मरवाहा.तरनतारन।
तरनतारन जिला में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। यहां कांग्रेस सरकार में मार्केट कमेटी पट्टी के पूर्व चेयरमैन एवं कांग्रेस नेता मेजर सिंह धालीवाल को एक महिला ने दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें मेजर सिंह आगे भाग रहा है और महिला उसका पीछा कर दौड़ा कर गोली मार रही है। गोली लगने से मेजर सिंह की मौत हो गई। मगर पंजाब में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
कौन है महिला
महिला ने मेजर सिंह की हत्या उन्हीं के पैलेस में की। तरनतारन के एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान के मुताबिक महिला मेजर सिंह के पैलेस में लगभग चार वर्षों से सजावट का काम करती थी। घटना के बाद से महिला फरार है। वह पैलेस में ही रहती थी। महिला मूलरूप से अमृतसर जिले के गांव मकबूलपूरा की रहने वाली है।
मामला दर्ज…एसएसपी
एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान ने इस बात की पुष्टि करते बताया कि मृतक के बेटे रणजीत सिंह की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। महिला की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हैं। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। शव को पुलिस ने पट्टी के सिविल अस्पताल भेज दिया है।