वरिष्ठ पत्रकार.नई दिल्ली।
शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत के खिलाफ देशद्रोह और अन्य अपराधों के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। दरअसल, संजय राउत पर शिवसेना के मुखपत्र सामना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने पर संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करते हैं। कुछ दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर टिप्पणी की थी। क्या उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया? हमारे देश में लोकतंत्र है और कई नेता बयान देते हैं। अगर लोग इसपर मामला दर्ज करने लगे तो उन्हें यह कहने का अधिकार नहीं है कि उन्होंने आपातकाल के लिए लड़ाई लड़ी है।’
बता दें कि संजय राउत सामना के संपादक भी है। पुलिस ने शिवसेना (यूबीटी) नेता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए, 505 बी और 124 ए के तहत मामला दर्ज किया है।