SNE NETWORK.NATIONAL DESK.
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। वे मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक पायलट ने सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया।
पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इस दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। और उसमें आग लग गई। जानकारी मिली है कि लैंडिंग के दौरान पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था। महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस मुंबई से बारामती के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने आज स्कूलों की छुट्टी और 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पवार का अंतिम संस्कार बारामती में किए जाने की संभावना है। अजित के चाचा शरद पवार बारामती हॉस्पिटल पहुंच गए हैं, जहां सभी शव लाए गए हैं।
इधर, एयरक्राफ्ट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो यानी AAIB ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी की एक टीम दिल्ली में विमान की ऑपरेटर कंपनी VSR वेंचर्स के ऑफिस पहुंची है। दूसरी टीम बारामती रवाना हो गई है। इस बीच VSR वेंचर्स ने कहा है कि पायलट को 16 हजार घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था। विमान की को-पायलट के पास 1500 घंटे का एक्सपीरियंस था। कंपनी ने दावा किया कि एयरक्राफ्ट में कोई तकनीकी खामी नहीं थी।
प्लेन क्रैश का CCTV फुटेज

मैप में देखिए, प्लेन का रूट और हादसे की लोकेशन
प्लेन क्रैश IMAGES….

बारामती में विमान क्रैश होते ही उसमें आग लग गई। कुछ मिनट में पूरा प्लेन जलकर खाक हो गया।

आग बुझाने के बाद विमान के टुकड़े बिखरे नजर आ रहे थे। इसमें सवार सभी लोगों की जान चली गई।

बारामती एयरपोर्ट पर हादसे के बाद जलते हुए विमान की तस्वीर, इसमें बायीं तरफ एक शव दिखाई दे रहा है।

क्रैश के बाद विमान आग का गोला बन गया था, इसलिए राहत कर्मियों को शव बाहर निकालने में परेशानी हुई।

पुलिसकर्मियों ने हादसे में मारे गए लोगों के शव एंबुलेंस से बारामती जिला अस्पताल भेजे।

प्लेन क्रैश के बाद उसका इंजन दूर जाकर गिरा।

