वरिष्ठ पत्रकार.राष्ट्रीय डेस्क।
ओडिशा के संबलपुर जिले में स्थित वीर सुरेंद्र साई यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (VSSUT) प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 2 प्रोफेसरों को निलंबित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दोनों शिक्षकों पर अलग-अलग मामलों में यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप हैं। दोनों से यूनिवर्सिटी की प्रबंधन समिति के सामने सफाई देने के लिए कहा गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए।
पहले मामले में प्रोडक्शन इंजीनियरिंग विभाग के एक प्रोफेसर पर महिला सहकर्मी से अनुचित व्यवहार का आरोप लगा है। वहीं, दूसरे मामले में गणित विभाग के एक एसोसिएट प्रोफेसर पर महिला शोधार्थी के साथ दुर्व्यवहार का आरोप है। विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों को प्रबंधन बोर्ड के सामने अपनी सफाई देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। इसके बाद 13 अगस्त को दोनों को निलंबित कर दिया गया।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कुछ ही हफ्ते पहले एफएम (स्वायत्त) कॉलेज के इंटीग्रेटेड बीएड विभाग के एक असिस्टेंट प्रोफेसर को भी यौन उत्पीड़न के आरोप में निलंबित और गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में 14 जुलाई को एक महिला छात्रा ने कथित उत्पीड़न से आहत होकर आत्मदाह कर लिया था। इन घटनाओं ने राज्य में उच्च शिक्षा संस्थानों में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

