वरिष्ठ पत्रकार.राष्ट्रीय डेस्क।

तमिलनाडु में सोमवार को एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला करने का वीडियो सामने आया। तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अपने X अकाउंट पर इसे शेयर किया। इसमें 3 लड़के एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला करते नजर आ रहे हैं। चौथे आरोपी ने वीडियो रिकॉर्ड किया। इन लड़कों ने पीड़ित को जमीन पर गिराकर उसके सिर, गर्दन पर कई वार किए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक की हालत गंभीर है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

अन्नामलाई ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना DMK शासित तमिलनाडु की परेशान करने वाली सच्चाई है। हालांकि पुलिस ने चारों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस वारदात का वीडियो हमला करने वाले लड़कों में से एक ने बनाया। अन्नामलाई का आरोप है कि तिरुथानी में काम करने वाले महाराष्ट्र के एक प्रवासी मजदूर सूरज पर गांजे के नशे में धुत एक गैंग ने बेरहमी से हमला किया। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस मजदूर को मध्य प्रदेश का बताया जा रहा है।
जानिए पूरा मामला…?
अन्नामलाई के अलावा तिरुनेलवेली से भाजपा विधायक नैनार नागेंद्रन ने भी घटना का वीडियो X पर पोस्ट किया है। ये वीडियो घटना से पहले का है, इसमें नाबालिग आरोपी पीड़ित को बड़ा सा चाकू (गंडासा) दिखाते नजर आ रहे हैं, पीड़ित बोगी में डरा-सहमा बैठा दिख रहा है। नागेंद्र ने लिखा है- तिरुवल्लूर जिले के तिरुत्तनी रेलवे स्टेशन के पास 17 साल के चार नाबालिगों ने गांजे के नशे में उत्तर भारतीय प्रवासी मजदूर पर दरांती से जानलेवा हमला किया। इसकी रील्स भी शेयर की। यह घटना दिल दहला देने वाली है।
बताया जा रहा है कि घटना 26 दिसंबर को तिरुवल्लूर तिरुत्तानी रेलवे स्टेशन के पास बने रेलवे क्वार्टर की है। हमला करने वाले सभी नाबालिग तिरुत्तानी के पास नेमिली इलाके के रहने वाले हैं। घटना के वक्त सभी नशे में थे। ट्रेन में जब इन लोगों ने सूरज के गर्दन पर चाकू रखा था, तब उसने इसका विरोध किया था। बाद में नाबालिग उसे पकड़ कर रेलवे क्वार्टर के सुनसान इलाके में ले गए और हमला किया। पीड़ित महाराष्ट्र के कोल्हापुर का रहने वाला है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

