विनय कोछड़.नई दिल्ली।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 11वीं बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 2047 में विकसित भारत के सपने का खाका पेश किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते एक दशक में कई ऐसे सुधार किए गए हैं, जिनका असर अब दिखने लगा है और पूरी दुनिया में भारत की छवि सुधरी है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यूनिफॉर्म सिविल कोड, बांग्लादेश के हालात, बुनियादी ढांचे के विकास, सामान्य मानविकी की समस्याओं के निदान, निवेश आदि मुद्दों पर अपने विचार रखे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों को आगाह करते हुए ये भी कहा कि कुछ लोग देश को निराशा के गर्त में डुबोना चाहते हैं, लेकिन हमें उनसे सावधान रहना होगा।

ये बोले यूनिफॉर्म सिविल कोड पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा ‘हमारे देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड की चर्चा चल रही है। देश की सुप्रीम कोर्ट भी हमें यूनिफॉर्म सिविल कोड के लिए कह रही है और देश के संविधान निर्माताओं का भी ये सपना था। जो कानून धर्म के आधार पर देश को बांटते हैं, जो ऊंच नीच का कारण बनते हैं। वैसे कानूनों के लिए देश में कोई जगह नहीं हो सकती। हमने सांप्रदायिक सिविल कोड में 75 साल बिताए हैं, अब हमें सेक्युलर सिविल कोड की तरफ जाना होगा।’
बांग्लादेश के हालात पर जताई चिंता
‘बांग्लादेश में जो कुछ हुआ है। पड़ोस देश होने के नाते हम हालात को लेकर चिंतित हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वहा हालात जल्द सामान्य होंगे। साथ ही वहां के हिंदू, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। हमारे पड़ोसी देश सुख और शांति के मार्ग पर चलें। शांति के प्रति हम समर्पित हैं। हम आने वाले दिनों में बांग्लादेश की विकास यात्रा में हमेशा शुभचिंतक रहेंगे। हम मानव जाति के लिए सोचने वाले लोग हैं।’

अराजकता फैलाने वाले लोगों के प्रति देशवासियों को किया आगाह
‘हमारा सामाजिक दायित्व है जो लोग पीछे रह जाते हैं उन्हें भी साथ लेकर आगे बढ़ें। हम किसानों, आदिवासी भाई बहन, माता-बहनें, मजदूर, श्रमिक साथियों, सभी को हमारी बराबरी में लाने का प्रय़ास करना है। इसके बाद हमारी ताकत बहुत बढ़ जाएगी और बहुत संवेदना के साथ हमें इस काम को करना है। हमें पता है कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के पहले भी हमारा एक आदिवासी ने अंग्रेजों की नाक में दम कर दिया था। जिन्हें हम भगवान बिरसा मुंडा के रूप में पूजते हैं। वो हमारे लिए प्रेरणा का काम करते हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जब हम 150वीं जयंती मनाएं तो हम हर वर्ग को लेकर साथ चलें। इस संकल्प को लेकर चलना है।’
डिजाइनिंग इंडिया का दिया मंत्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मैं राज्य सरकारों से अपील करता हूं कि निवेशकों को अपने राज्यों में बुलाएं। इसके लिए कानून व्यवस्था बेहतर बनाएं और अन्य नीतियों में सुधार करें, जिससे निवेशक आएं। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। सिर्फ भारत सरकार से काम होता नहीं है। राज्य सरकारों को आगे आना होगा।’
‘हमने रिन्यूबल एनर्जी का विस्तार किया है। आने वाले कुछ वर्षों में हम नेट जीरो भविष्य की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। जो जी 20 देश नहीं कर पाए, वो मेरे देशवासियों ने करके दिखाया है। पर्यावरण के लिए जो नेट जीरो के लक्ष्य तय किए गए थे, उन्हें पूरा करने वाला सिर्फ भारत है। 500 मेगावाट सोलर ऊर्जा को हम पाकर रहेंगे। हमने 2030 तक हमारे रेलवे को नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। ग्रीन हाइड्रोजन मिशन लेकर हम चल रहे हैं। बहुत तेजी से नीतियां बनाई जा रही हैं। आज भारत ग्रीन हाइड्रोजन की दिशा में जाना जाता है। इस क्षेत्र में ग्रीन जॉब्स की बहुत संभावनाएं हैं।’
‘मेरे प्यारे देशवासियों, इस तिरंगे के झंडे के नीचे जो खिलाड़ी बैठे हैं, जिन्होंने ओलंपिक में देश का परचम लहराया है। मैं देशवासियों की तरफ से इन खिलाड़ियों को बधाई देता हूं। आने वाले कुछ दिनों में भारत का बड़ा दल पैरालंपिक के लिए जाएगा। मैं उन्हें बधाई देता हूं।’
‘आज हम दुनियाभर में खिलौने निर्यात कर रहे हैं’
‘हमारे देश के प्रति गौरव का भाव कम था। आज हमारे देश के खिलौने दुनिया भर में जगह बना रहे हैं। पहले हम मोबाइल फोन आयात करते थे। आज मोबाइल फोन हम दुनिया में निर्यात करते हैं। यह भारत की ताकत है। भविष्य के साथ सेमीकंडक्टर, एआई जुड़ा है। हमने सेमीकंडक्टर की दिशा में काम किया है। अब सेमीकंडक्टर का उत्पादन भी भारत में होगा।’
‘पहले टू जी के लिए कैसा संघर्ष करते थे। आज 5 जी जिस तेजी से पहुंच रहा है। हम रुकने वाले नहीं हैं। हम 6जी पर भी मिशन मोड में काम कर रहे हैं। हम उसमें भी अपनी धाक जमाएंगे। डिफेंस सेक्टर में भी हमारा फोकस है। आज हम देश में ही रक्षा उत्पादन कर रहे हैं। डिफेंस सेक्टर में हम आत्मनिर्भर होते जा रहे हैं। दुनियाभर में भारत की डिफेंस सेक्टर में पहचान बनी है। हम डिफेंस में मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहे हैं।’
स्किल डेवलपमेंट पर फोकस
‘देशवासियों, जिस तरह से विश्व का बदलाव नजर आ रहा है। अब स्किल का महत्व बढ़ गया है इसलिए हम स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान दे रहे हैं। बाजार में युवाओं की ताकत दिखाई दे तो उस लिहाज से हम देश के युवाओं को स्किल्ड बनाना चाहते हैं। देश का युवा ग्लोबल जॉब मार्केट में अपनी धमक बनाए। हम उस सपने को लेकर आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया जिस तेजी से बढ़ रहा है तो हमें विज्ञान पर ध्यान देना चाहिए। हम रिसर्च पर फोकस कर रहे हैं। रिसर्च के लिए एक लाख करोड़ रुपये देने का फैसला किया गया है। जिससे नए आविष्कार हो। आज देश के युवा मेडिकल की पढ़ाई के लिए बाहर जा रहे हैं। इसलिए हमने पिछले दस साल में मेडिकल सीटों को एक लाख कर दिया है।
25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला
‘मम भाव हमारे काम की शैली है। ममभाव भी चाहिए और स्वभाव भी। मैं जब कोरोना को याद करता हूं तो कोरोना महामारी के बीच सबसे तेजी से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने वाला देश है तो वो भारत है। आज पूरा देश तिरंगा है, हर घर तिरंगा है। न कोई जात है न कोई ऊंच है न कोई नीच है। जब हम 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालते हैं। हमने गति को बनाए रखा है। जब राज्य स्पर्धा करने लगे हैं तो हमें लगता है कि हमारी दिशा सही है। जब संवेदनशीलता से काम करते हैं तो बहुत संतोष मिलता है।’
जल जीवन मिशन से 18 करोड़ परिवारों तक पहुंचा जल
पीएम मोदी ने कहा कि ‘जब लाल किले से कहा जाता है कि बिजली समय सीमा में पहुंचाएंगे, तो हिंदुस्तान सो जाता है। जब ढाई करोड़ घरों में बिजली पहुंच जाती है तो सामान्य मानवी का भरोसा बढ़ जाता है। परिवार के अंदर स्वच्छता का वातावरण बन जाए, भारत में आई नई चेतना का प्रतीक हैं। तीन करोड़ परिवार ऐसे हैं जिन्हें नल से जल मिलता है। जल जीवन मिशन के तहत कम समय में 18 करोड़ परिवारों तक पानी पहुंच रहा है।
‘कभी ये कहने की नौबत न आए कि लोग कहें कि ये उसका हक था और उसे मिला नहीं’
‘मैंने सपना देखा है कि जब देश विकसित भारत हो तो सामान्य मानविकी में सरकार का दखल कम हो। मेरे प्यारे देशवासियों, हम छोटी छोटी जरूरतों और आवश्यकताओं पर भी ध्यान देते हैं। गरीब का चूल्हा जलता रहा, गरीब के इलाज की सुविधा दी गई है। जब सैचुरेशन होता है तो जाति-धर्म का भेद नहीं होता है। लोगों के जीवन में सरकार का दखल कम हो, उसके लिए हमने कई कदम उठाए हैं। हमने देशवासियों के लिए डेढ़ हजार से ज्यादा कानूनों को खत्म कर दिया है। हमने छोटे-छोटे कानूनों से जेल जाने के प्रावधान से बाहर कर दिया है। सदियों से हमारे पास जो आपराधिक कानून थे, उन्हें आज हमने न्याय संहिता के रूप में पेश किया है।
‘युवाओं को छोटी-छोटी दिक्कतों के लिए सरकार को चिट्ठी लिखनी चाहिए। सरकार संवेदनशील है और वे जरूर कदम उठाएंगी। विकसित भारत के सपने के लिए हमें जोर लगाकर आगे बढ़ना होगा। नागरिकों के जीवन में सम्मान मिले। कभी ये कहने की नौबत न आए कि लोग कहें कि ये उसका हक था और उसे मिला नहीं।’