वरिष्ठ पत्रकार.नई दिल्ली।
बांग्लादेश में दो हिंदुओं की हत्या का विरोध जारी है। इस बीच पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने 100 करोड़ हिंदुओं का हवाला देते कहा कि बांग्लादेश को गाजा जैसा सबक सिखाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने जैसे ऑपरेशन सिंदूर कर पाकिस्तान को सबक सिखाया था।
इसे लेकर बंगाल सीएम ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने उनकी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने नफरत और कट्टरता को अपनी पहचान बना लिया है। TMC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा-
सुवेंदु अधिकारी ने एक बार फिर अपनी फासीवादी सोच दिखाई है। सुवेंदु का कहना है कि बांग्लादेश को वैसा सबक सिखाना चाहिए जैसा इजरायल ने गाजा को सिखाया था, वे मुसलमानों का नरसंहार की बात कह रहे हैं। TMC ने लिखा- सुवेंदु का बयान नफरत भरा है, जिसमें लोगों की जान लेने और किसी समुदाय को खत्म करने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद हिटलर बन रहे सुवेंदु के खिलाफ कोई FIR नहीं। कोई गिरफ्तारी नहीं। कोई केस नहीं हुआ। UAPA भी नहीं लगाया गया।
बांग्लादेश में हिंदू युवकों की हत्या और अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों के विरोध में देशभर में प्रदर्शन जारी हैं। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हिंदू संगठनों ने बांग्लादेश डिप्टी हाई कमीशन तक रैली निकाली और उसके सामने प्रदर्शन किया। इस रैली में बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी भी 1000 साधु-संतों के साथ शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान कई संत डिप्टी हाई कमीशन के बाहर धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए। दरअसल बांग्लादेश के ढाका में 18 दिसंबर को दीपू चंद्र दास और 24 दिसंबर को बांग्लादेश के राजबाड़ी अमृत मंडल नाम के युवकों की भीड़ ने हत्या कर दी थी। अमृत को भीड़ ने जबरन वसूली के आरोप में मार डाला।

