SNE NETWORK.DERA-BABA-NANAK/GURDASPUR.
गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में बुधवार सुबह मेडिकल स्टोर मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद हमलावरों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इसके लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस इस मामले को फिरौती के एंगल से भी खंगाल रही है।
जानकारी के मुताबिक डेरा बाबा नानक में बेदी मेडिकल स्टोर के मालिक रणबीर सिंह बेदी सुबह करीब 8 बजे अपना मेडिकल स्टोर खोल रहे थे, उस समय अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। रणबीर सिंह बेदी के सिर में गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अमृतसर रेफर किया गया, जहां जाते समय उनकी रास्ते में ही मौत हो गई।

मेडिकल स्टोर, जहां मालिक को गोली मारी गई।
वहीं मेडिकल स्टोर मालिक की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर जीवन फौजी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली है। जिसमें लिखा गया है कि आज डेरा बाबा नानक में डॉक्टर बेदी का कत्ल हुआ है, उसकी जिम्मेदारी में जीवन फौजी लेता हूं। इस बंदे को मारने का मुख्य कारण यह है कि इस बंदे ने कारण मेरे बड़े मित्रों के घर बर्बाद हुए हैं और उनको नाजायज जेल काटनी पड़ी है। गैंगस्टर ने लिखा कि इस बंदे को मैने फोन भी किया था कि उनका कोई कसूर नहीं है, जो भी किया है, मैंने किया है, मेरे उन बंदों को पर्चे से बाहर निकलवा दे, परंतु इस बंदे ने मेरी कोई भी बात नहीं सुनी। इसलिए बंदे का सौदा लगाना बनता था और बाकी जिन बंदों को मैने फोन किया है, वह भी तैयार रहे।
उन्हें लगता है कि मैं एक फोन करके चुप हो जाता हूं, यह उनकी बहुत बड़ी गलतफहमी है, जिन जिन को मैने फोन किया है, वह भी अपनी तैयारी रखें, अब मैं किसी को फोन नहीं करूंगा, उनका भी डॉक्टर जैसा हाल करूंगा। वाहे गुरु जी का खालसा वाहेगुरु जी की फतेह।

वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच करते हुए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रणबीर सिंह बेदी को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थी। कुछ महीने पहले भी उन पर फिरौती को लेकर फायरिंग की गई थी। उनके मेडिकल स्टोर पर पहले भी ऐसे ही हमले का शिकार हो चुका है। पिछले साल 23 अक्टूबर को भी इसी स्टोर पर नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग की थी। मामले की जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हत्या की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मार्केट में लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। मेडिकल स्टोर मालिक पर पहले फायरिंग और धमकी को लेकर भी उनके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कातिलों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

