वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
पंजाब के जालंधर में आई लव मोहम्मद विवाद को लेकर हुए हंगामे के बाद मुस्लिम पक्ष के एडवोकेट नईम खान और आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षद के पति अयूब खान ने कहा है कि पुलिस बीजेपी के दबाव में काम कर रही है। यही कारण है कि जय श्रीराम का नारा लगाने वाले सहित माहौल खराब करने वालों के खिलाफ FIR नहीं की जा रही है। उन्होंने ऐलान किया कि 8 अक्टूबर को 12 बजे वे विरोध जताने के लिए मीटिंग करेंगे और आगे की रणनीति बनाएंगे।
मुस्लिम समाज के नेताओं ने आरोप लगाया है कि मुस्लिम समाज की पीसफुल प्रोटेस्ट रैली के दौरान योगेश मैनी नामक व्यक्ति ने माहौल बिगाड़ने और दंगा भड़काने की कोशिश की। उसने मुस्लिम समाज को उकसाने के लिए जानबूझकर रैली में जय श्रीराम के नारे लगाए।उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बीजेपी के दबाव में आकर अब तक मुख्य आरोपी पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है, जिससे मुस्लिम समाज के साथ सभी धर्म के लोगों में भारी रोष है।

अयूब खान ने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब में आपसी भाईचारे के बीच फूट डालने की कोशिश कर रही है, जो अब सबके सामने आ चुकी है। उन्होंने मांग की कि योगेश मैनी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और पता लगाया जाए कि उसे किसने साजिश के तहत भेजा था।
वहीं, जमीयत उलेमा-ए-हिंद के जिला प्रधान मजहर आलम ने कहा कि यह बेहद हैरान करने वाली बात है कि पुलिस कमिश्नर दफ्तर के सामने भाजपा समर्थित लोगों ने शांति भंग करने की कोशिश की, लेकिन इसके विपरीत कार्रवाई मुस्लिम समाज के लोगों पर की गई, जो निंदनीय है।

