SNE NETWORK.LUDHIANA.

लुधियाना में शादी के बाद दुल्हन के घर पर फायरिंग।
लुधियाना के ताजपुर स्थित न्यू सरपंच कॉलोनी में बेटी के निकाह की विदाई के कुछ घंटे बाद ही लड़की वालों के घर पर हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों में बारात पक्ष के लोग शामिल थे। करीब 20 से 25 युवक रात 11:30 बजे उनके घर पहुंचे और ईंट-पत्थरों से हमला करने के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग की।
हमलावरों ने तलवारों और अन्य हथियारों से घर के दरवाजों पर वार किए। इस दौरान घर के बाहर खड़ी दो एक्टिवा भी तोड़ दी गईं। घटना में मोहम्मद अनवर की बाजू पर चोट आई है। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। निकाह में पहले डीजे विवाद हुआ वहीं दोपहार में इसे सुलझा लिया। इसके बाद शाम 6 बजे डोली विदा हो गई और रात को हमला हुआ।

शादी वाला घर, जहां गोलियां चलाई गई।
रात 11:30 बजे 20-25 बरातियों ने बोला धावा
मोहम्मद अनवर के मुताबिक, उनकी बेटी का निकाह था। बारात के खाना खाने के दौरान दुल्हन के छोटे देवर समीर और उसके एक साथी का लड़की वालों से डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। अनवर ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया और बारात पक्ष के लोगों को समझाकर वापस भेज दिया। शाम करीब छह बजे बेटी की विदाई भी शांतिपूर्वक हो गई।
अनवर का आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे समीर 20 से 25 युवकों को लेकर उनके घर पहुंच गया। हमलावरों के हाथों में कृपाण, दातर, तलवारें और पिस्तौल थीं। उन्होंने घर पर पथराव किया, दरवाजों पर हथियारों से वार किए और कई राउंड फायरिंग की। अनवर ने 30 से 35 राउंड गोलियां चलाने का दावा किया है। हमलावरों ने घर के बाहर रखी कुर्सियां और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर।

जानकारी देते हुए पीड़ित मोहम्मद अनवर।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई पूरी घटना
पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने पर थाना मेहरबान के एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से 12 खाली खोल बरामद किए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ अपनी और बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।###USA###CANADA###UK###PUNJAB###LUDHIANA###FIRING###AAP###DGPUNJAB###CMMANN###AUSTRALIA###NEWZEALAND###GERMANY###AUSTRIA###ITLAY###FRANCE##SINGAPORE##

