SNE NETWORK.LUDHIANA.

लुधियाना में शिमलापुरी इलाके के बसंत नगर में सोमवार को बेटे ने मां की हत्या कर दी। नशे के लिए पैसे न मिलने पर एक युवक ने अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गला दबा दिया। इसके बाद मां को अस्पताल ले जाकर हार्ट अटैक से मौत होने की कहानी गढ़ दी, लेकिन डॉक्टरों की सतर्कता से सच्चाई सामने आ गई। मृतका की पहचान 49 वर्षीय मनप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो अपने पति से अलग रह रही थी। उसका 28 वर्षीय बेटा परविंदर सिंह उसके साथ ही रहता था। वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। परविंदर नशे का आदी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि सोमवार को आरोपी परविंदर सिंह ने मां से नशा करने के लिए पैसे मांगे। मां के इनकार करने पर वह आग बबूला हो गया और उसने मां की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इससे उसकी पसलियां टूट गईं और फेफड़ों तक को नुकसान पहुंचा। इसके बाद आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी खुद ही मां के शव को अस्पताल लेकर पहुंचा और डॉक्टरों को बताया कि मां की मौत हार्ट अटैक से हुई है। लेकिन डॉक्टरों ने गले पर निशान देखकर शक जाहिर किया और पुलिस को सूचना दी। तीन डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से हुई है और उससे पहले उसे बुरी तरह पीटा गया था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद डाबा थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने सोचा था कि हार्ट अटैक की कहानी पर पुलिस भरोसा कर लेगी और पोस्टमॉर्टम नहीं होगा, जिससे वह बच जाएगा। थाना डाबा के एसएचओ सब-इंस्पेक्टर प्रमोद राज ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

