एसएनई नेटवर्क.लुधियाना।
गैंगस्टर सन्नी नाई को लुधियाना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। आरोपी कुलदीप कुमार उर्फ सन्नी नाई रिंकल हत्या केस में नामजद था। पुलिस आरोपी सन्नी नाई से पूछताछ करने में जुटी है। जल्द ही महानगर की पुलिस बड़े खुलासे कर सकती है। बता दें कि सन्नी को नवांशहर पुलिस ने दो माह पहले टिफिन बम मामले में गिरफ्तार किया था। उसने पाकिस्तान में बैठे रिंदा के कहने पर नवांशहर के सीआईए स्टाफ में रखा गया था। पकड़े जाने के उपरांत उक्त कथित अपराधी ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया था।
रिंकल ने अस्पताल में तोड़ा था दम
अमरपुरा इलाके में रहने वाले रिंकल खेड़ा को चार साल पहले कांग्रेस पार्षद गुरदीप सिंह नीटू के बेटे सन्नी के कहने पर कुछ युवकों ने घर में घुसकर बुरी तरह से पीट दिया था और इसके बाद अस्पताल में रिंकल खेड़ा की मौत हो गई थी। पुलिस ने पार्षद गुरदीप सिंह नीटू के बेटे समेत 12 आरोपियों को नामजद किया था। इनमें से तीन को क्लीन चिट दे दी गई थी। पुलिस इस मामले में पहले ही पार्षद के बेटे जतिंदर पाल सिंह उर्फ सन्नी, गुरमीत सिंह गुड्डू, मनमीत सिंह मनी, मनमीत सिंह लंबड़, विशाल, सुखदीप दीपू को जेल भेज चुकी है।
जालंधर निवासी गैंगस्टर सतनाम सिंह सुखी धीरुवालिया, मोहित कौल और सन्नी नाई इस मामले में भगोड़े घोषित है। पुलिस काफी समय से सन्नी नाई का पता लगाने में जुटी थी। उसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उसने कई खुलासे किए थे। मगर इसके बावजूद पुलिस उसे ढूंढ नहीं पा रही थी।
बम विस्फोट करने का आरोप
दो महीने पहले नवांशहर पुलिस ने उसे टिफिन बम के साथ गिरफ्तार किया था। उस पर नवांशहर की सीआईए और रूपनगर के नूरपुर बेदी पुलिस चौकी में बम विस्फोट करने का आरोप है। पुलिस अब आरोपी को रिंकल मर्डर केस में प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। एडीसीपी वन परमिंदर सिंह हीर ने बताया कि पुलिस पार्टी आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लाई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना है।