वरिष्ठ पत्रकार.गुरदासपुर।
पंजाब की एक महिला दरोगा को रिश्वतखोरी तथा अपने पुलिस कर्मचारियों से वसूली करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि गुरदासपुर के पुलिस सांझ केंद्र की इंचार्ज इंस्पेक्टर इंद्रबीर कौर के खिलाफ विभाग को पुख्ता सबूत मिलने के उपरांत इतनी बड़ी कार्रवाई की गई। चर्चा इस बात की भी चल रही है कि उसका साथ देने वाले कुछ बड़े पुलिस अधिकारियों का नाम भी सामने आया। विश्वसनीय सूत्रों ने इस बात की पुष्टि करते कहा कि उन्हें भी जांच में शामिल किया जा सकता है। कहने का मतलब है कि आने वाले दिनों में बड़े पुलिस अधिकारियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। फिलहाल, विभाग की जांच टीम पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों के शामिल होने की बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं कर पाया।
जानिए, क्या था पूरा मामला..कब आया संज्ञान में….?
यह मामला तब संज्ञान में आया जब एक पुलिसकर्मी ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की। जांच में पता चला कि 3 पुलिसकर्मियों से वह दबाव डालकर पैसे लेती थी। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया। बताया जा रहा है कि इंद्रबीर कौर को गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप में हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इंद्रबीर कौर द्वारा की गई पैसों की मांग और लेन-देन के पर्याप्त साक्ष्य सामने आए हैं। आगे की जांच जारी है।
माना जा रहा है कि इस भ्रष्टाचार के जाल में और भी कर्मचारी शामिल हो सकते हैं या फिर दबाव में पैसा देने को मजबूर किए गए होंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा।

