वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
एक युवती ने विदेश जाने का सपना देखा, लेकिन उसके लिए यह सपना महंगा साबित हो गया। युवती ने अमेरिका की चाह में चार लाख 69 हजार रुपये गंवा दिए। अब ट्रैवल एजेंट युवती के रुपये लौटा नहीं रहा है। ऐसे में युवती पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंची और इंसाफ की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। राहों रोड बस्ती मनी सिंह स्थित कुलदीप नगर की रहने वाली अमनप्रीत कौर की शिकायत पर थाना दरेसी पुलिस ने इलाके के ही जसपाल सिंह और तिलक नगर के रहने वाले रमनदीप सिंह पवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
अमनप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहती थी तो आरोपी ट्रैवल एजेंट जसपाल सिंह ने अपने साथी रमनदीप सिंह के साथ मिलकर उससे चार लाख 69 हजार रुपये ले लिए और कहा कि वह उसे वर्क परमिट दिलवा देंगे ताकि वह अमेरिका जाकर सेटल हो सके। रुपये लेने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगे और आरोपियों ने पैसे भी मांगने पर वापिस नहीं दिए। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।

