SNE NETWORK.NATIONAL DESK.
अमेरिका में अवैध रूप से रहने वाले भारतीयों को वापस भेजने को लेकर यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) ने एक अहम जानकारी दी है। 22 अक्तूबर की चार्टर उड़ान से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में यूएस डीएचएस के सीमा और आव्रजन नीति की सहायक सचिव रॉयस मुरे ने बताया कि एक साल में लगभग 1,100 भारतीयों को अमेरिका से लौटाया गया है। इनमें वैसे लोग शामिल हैं, जिन्होंने या तो वीजा नियमों का उल्लंघन किया था या फिर अवैध तरीके से अमेरिका गए थे।
वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 22 अक्तूबर की चार्टर उड़ान को पंजाब में उतारा गया था। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वास्तव में उड़ान कहां से शुरू हुई थी। कुछ दिन पहले अमेरिकी होमलैंड अधिकारियों ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को निर्वासित करने की घोषणा की थी। तब होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) ने कहा था कि यह भारत सरकार के सहयोग से किया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने जून 2024 में मैक्सिको की सीमा से घुसपैठ रोकने के लिए एक उद्घोषणा पर हस्ताक्षर किए थे। इसे प्रोक्लेमेशन ऑन सिक्योरिंग बॉर्डर कहा जाता है। राष्ट्रपति के इस निर्देश के साथ अंतरिम अंतिम नियम लागू हुआ, जिसके मदद से दक्षिण-पश्चिम सीमा पर घुसपैठ में 55 फीसदी की कमी आई है। 2024 में डीएचएस ने 160000 से अधिक व्यक्तियों को वापस भेजा है, जिसमें भारत सहित 145 से अधिक देशों के लिए 495 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रत्यावर्तन उड़ाने संचालित कीं। जिसमें कोलंबिया, इक्वाडोर, पेरू, मिस्र, मॉरिटानिया, सेनेगल, उज्बेकिस्तान, चीन और भारत शामिल हैं।