वरिष्ठ पत्रकार.बरनाला।
शनिवार दिनदहाड़े एक राजनीतिक नेता और पूर्व पंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शाम करीब 4 बजे गांव शैहना के बस स्टैंड पर हुई, जब मृतक सुखविंदर सिंह कलकत्ता बस स्टैंड पर दोस्तों के साथ एक दुकान पर बैठे थे। जानकारी के अनुसार, कार में सवार होकर शैहना के बस स्टैंड पर आए एक व्यक्ति ने सुखविंदर सिंह कलकत्ता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि सुखविंदर सिंह कलकत्ता की मां मलकीत कौर गांव शैहना की सरपंच रह चुकी हैं। घटना के बाद पूरे गांव और बरनाला जिले में शोक की लहर है। इस हत्या के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और बरनाला-फरीदकोट मार्ग को जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन कर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की।
200 मीटर की दूरी पर पुलिस थाना
गुरजीत सिंह ने कहा कि शाम सवा चार बजे बजे गांव शैहना के बस स्टैंड पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुखविंदर सिंह कलकत्ता को गोली मार दी। मृतक का भाई मूल चंद प्रॉपर्टी की दुकान पर अपने दोस्तों के साथ बैठे थे और इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति गाड़ी से उतरा और सुखविंदर कलकत्ता को गोली मारकर फरार हो गया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से पुलिस स्टेशन शैहना की दूरी मात्र 200 मीटर है।
उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह कलकत्ता लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे, लेकिन पिछले कुछ समय से वह शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के साथ काम कर रहे थे।
शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें जल्द ही पेश किया जाएगा और उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

