वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।
NDRF हेड क्वार्टर में एक महिला कॉन्स्टेबल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला संदिग्ध होने के कारण लाडोवाल थाने की पुलिस जांच कर रही है। महिला कॉन्स्टेबल ने अपना दुपट्टा पंखे से बांधा और फांसी लगा ली। मृतक कर्मचारी का नाम सिमरनजीत कौर (25) है। जानकारी के अनुसार घटना का पता तब चला जब महिला अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंची तो उसके वरिष्ठ अधिकारी उसे देखने उसके कमरे में गए।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद अधिकारियों ने दरवाजे को धक्का देकर तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। अधिकारियों ने देखा कि महिला कॉन्स्टेबल दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी। उन्होंने तुरंत लाडोवाल थाने की पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया और उसके परिजनों को सूचित कर दिया। आज परिजनों के आने के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।