SNE NETWORK.LUDHIANA.

लाडोवाल टोल प्लाजा को किसानों ने कराया फ्री। (CREDIT-BY-SNE-NEWS-IMAGE)
पंजाब के सबसे महंगे टोल प्लाजा में शुमार लाडोवाल टोल प्लाजा को आज किसानों ने फ्री करा दिया है। विभिन्न किसान जत्थेबंदियों ने आज यहां एकत्रित होने का आह्वान किया था। किसानों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती वे आम जनता के लिए इस टोल को पूरी तरह टैक्स फ्री रखेंगे। इस दौरान किसान वहीं धरने पर बैठ गए। किसानों प्रदर्शन को देखते हुए लाडोवाल टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात है। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर नजर बनाए हुए हैं।

मांगों को लेकर धरने पर बैठे किसान। (CREDIT-BY-SNE-NEWS-IMAGE)
इन मांगों को लेकर डटे किसान
किसान केवल स्थानीय मुद्दों पर ही नहीं बल्कि केंद्र और राज्य सरकार से जुड़े कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
- फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर पक्का कानून बनाने
- श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामलों में इंसाफ और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई
- शंभू बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज किए गए पर्चे (FIR) रद्द
- लाडोवाल टोल की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने और स्थानीय लोगों को राहत देना
जत्थेबंदियों के नेताओं का कहना है कि सरकार किसानों की आवाज नहीं सुन रही है, इसलिए अब आर्थिक चोट दी जाएगी। किसानों ने स्पष्ट किया है कि वे आम जनता को परेशान नहीं करेंगे बल्कि बिना टोल टैक्स दिए वाहनों को वहां से फ्री में निकलवाएंगे। इससे जहां यात्रियों के पैसे बचेंगे, वहीं प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होगी। हमारा मकसद राहगीरों को रोकना नहीं बल्कि सोई हुई सरकार को जगाना है। जब तक शंभू बॉर्डर के पर्चे रद्द नहीं होते और MSP पर ठोस फैसला नहीं आता संघर्ष जारी रहेगा।

