EDITOR-IN-CHIEF.VINAY KOCHHAR/LUDHIANA.
शनिवार देर रात शहर के साउथ सिटी इलाके में एक निजी न्यूज चैनल की संचालिका नवनीत कौर और एक प्रमुख समाचार पत्र के प्रमुख गगनदीप अरोड़ा की कार पर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के गेट नंबर-8 के पास सफेद एक्टिवा पर सवार एक नकाबपोश ने पहले उनकी कार का रास्ता रोका और फिर पिस्टल निकालकर गोलियां चला दीं। गगनदीप ने सूझबूझ दिखाते हुए कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे शुरुआती फायरिंग में वे बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर रोड पर नानकसर गुरुद्वारे के पास आरोपी ने दोबारा कार पर गोलियां चलाईं। इस बार गोलियां वाहन के पिछले हिस्से (डिग्गी) में लगीं। हमलावर करीब दो किलोमीटर तक कार का पीछा करता रहा और मल्हार रोड तक पहुंच गया। हालांकि, गगनदीप कार लेकर सुरक्षित अपने कार्यालय पहुंचने में कामयाब रहे। घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थाना पीएयू के प्रभारी कुलवंत सिंह के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल और हमलावर के भागने वाले रास्ते पर लगे सेफ सिटी परियोजना के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
पीड़िता नवनीत कौर के अनुसार, संस्थान के संचालन से जुड़े होने के कारण उन्हें पहले भी विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन आते रहे हैं। हालांकि, इस तरह का प्रत्यक्ष और जानलेवा हमला पहली बार हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।###USA###CANADA###UK###PUNJAB###LUDHIANA###DGPPUNJAB###AUSTRALIA###NEWZEALAND###SINGAPORE###

