एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब में अब सरकारी बस में सफर करना महंगा होगा। पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी) ने बस का किराया 10 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ाने की तैयारी कर ली है। इस संबंधी जल्द ही कॉरपोरेशन की ओर से पंजाब सरकार को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। जिसे हरी झंडी मिलते ही बढ़ा किराया लागू कर दिया जाएगा। पीआरटीसी के जनरल मैनेजर (ऑपरेशन) सुरिंदर सिंह ने बताया कि डीजल के रेट बढ़ने के कारण कॉरपोरेशन पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। ऐसे में सरकार को बस का किराया बढ़ाने का प्रपोजल भेजा जा रहा है। उम्मीद है कि सरकार इसे मंजूरी देगी।
डीजल का रेट 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ा
पंजाब सरकार की ओर से हाल ही में डीजल का रेट 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाया गया है। जिसके बाद डीजल का रेट प्रति लीटर 88.34 रुपये तक पहुंच गया है। इससे पीआरटीसी पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पीआरटीसी के बेड़े में इस समय 1238 बसें हैं, जिन्हें रूटों पर चलाने में रोजाना का डीजल का खर्च करीब 86 लाख रुपये आता है। लेकिन डीजल के रेट बढ़ने के बाद अब यह खर्च रोज का 80 हजार रुपये तक और बढ़ गया है, जो हर महीने का करीब 24 लाख रुपये बनेगा। ऐसे में पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहे कॉरपोरेशन के लिए इस 24 लाख के बढ़े डीजल के खर्च को उठा पाना भारी पड़ेगा।
सरकार पर 350 करोड़ पेंडिंग
पंजाब सरकार पर पीआरटीसी के 350 करोड़ रुपये पेंडिंग हैं। इनमें 250 करोड़ तो महिलाओं के मुफ्त बस सफर के हैं। इस सुविधा के बदले कॉरपोरेशन को सरकार की तरफ से जुलाई 2022 से कोई अदायगी नहीं हो रही है। जबकि हर माह पीआरटीसी की बसों में सफर करने वाली महिलाओं की गिनती लगातार बढ़ती जा रही है। इस पैसे की अदायगी न होने से कॉरपोरेशन के लिए अपने मुलाजिमों को सैलरी व पेंशन देना भी मुश्किल हो रहा है। हालात यह हैं कि जनवरी महीने की तनख्वाह व पेंशन अब तक मुलाजिमों को नहीं मिली हैं। जीएम सुरिंदर सिंह ने कहा कि सरकार से इस संबंधी भी बात चल रही है।

