एसएनई नेटवर्क.पटियाला।
एक सैनिक असम में शहीद हो गया। शहीद सैनिक पंजाब के पटियाला के गांव रंधावा का था। खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। पहाड़ से उतरते समय नाले में गिरने से उनकी जान गई है। सैनिक का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके गांव पहुंच रहा है। उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले पंजाब के कैबिनेट मंत्री व हलका समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ा माजरा शहीद के घर शोक व्यक्त करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ दुख साझा किया।
सैनिक है पूरा परिवार
जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय सहजपाल सिंह 2015 में सेना में भर्ती हुए थे। उनका छोटा भाई अमृतपाल सिंह (22) भी सैनिक है। उनकी तैनाती लेह-लद्दाख में हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आया है। अपने बड़े बेटे की मौत की खबर से मां व पिता अमरजीत सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। पिता अमरजीत सिंह एक छोटे किसान हैं।