एसएनई नेटवर्क.मोगा।

दिनदहाड़े 5 बदमाशों ने सुनार की गोली मारकर हत्या कर दी। मामला, पंजाब के जिला मोगा के रामगंज मंडी में सोमवार दोपहर का बताया जा रहा हैं। युवक ग्राहक बनकर शोरूम पर पहुंचे थे। सोने की कितनी लूट हुई है इसका सही आकलन नहीं किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। गुस्साए लोगों ने धरना लगा दिया।

यह था पूरा घटनाक्रम
सोमवार दोपहर 2.15 बजे 5 ग्राहक रामगंज स्थित एशिया ज्वेलर्स में आए। यहां उन्होंने सोने के गहने दिखाने को कहा। ज्वेलर विक्की ने उन्हें गहने दिखाए। इसके बाद उन्होंने बिल बनाने को कहा। जब विक्की बिल बनाने मुड़े तो लुटेरों ने पैसे देने के बजाय विक्की को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही बाजार में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदार और लोग इकट्ठा होने लगे। यह देखकर लुटेरे पसंद किए गहने लेकर वहां से फरार हो गए।

जवाबी फायरिंग के लिए अपनी पिस्टल निकाली
पुलिस जांच के मुताबिक ज्वेलर विक्की ने बदमाशें का मुकाबला करने की कोशिश की। उन्होंने लुटेरों पर जवाबी फायरिंग के लिए अपनी पिस्टल निकाली, लेकिन लुटेरों की गिनती ज्यादा होने की वजह से वह हमला करने में कामयाब नहीं हो सके।
बाजार बंद
ज्वैलर की हत्या का पता चलते ही पूरे बाजार में रोष फैल गया। सर्राफा बाजार यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह रामूवालिया और सचिव यशपाल पाली की अगुआई में मोगा के बाजार बंद कर दिए गए। उन्होंने कातिलों की जल्द गिरफ्तारी के लिए धरना भी दिया।
उधर. SSP ने दुकानदारों को विश्वास दिलाया कि उनकी सुरक्षा को यकीनी बनाया जाएगा। लूट की नीयत से आए सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।