एसएनई नेटवर्क.जम्मू।
कश्मीर घाटी में श्रीराम के जयघोष गूंजे। प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर श्रीनगर तक राम भक्त अपने आराध्य के स्वागत में जश्न में डूबे हुए हैं। श्रीनगर के ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर में इस अवसर पर विशेष पूजा हुई। इस दौरान हर भक्त श्री राम के रंग में नजर आया। लोगों ने यहां भगवान के दर्शन कर सुख शांति की प्रार्थना की। भक्तों ने यहां राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का खूब जश्न मनाया। पूजन के बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के मट्टन के सूर्य मंदिर में भी विशेष पूजा की गई। पूजा-अर्चना के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। यहां हर किसी ने राम मंदिर की शुभकामनाएं दीं और घाटी में शांति और प्रगति की कामना की। जम्मू और कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट इस ऐतिहासिक मंदिर का प्राथमिक संरक्षक है।
जम्मू शहर के रघुनाथ मंदिर में रामायण के अखंड पाठ और भजन संध्या हुई। चित्रकूट से आए पंडितों ने रामायण का अखंड पाठ शुरू किया है जो सोमवार 10 बजे तक जारी रहा। रघुनाथ मंदिर में 20 फीट की एलईडी पर प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
जम्मू शहर के संजय नगर, नानक नगर, गांधी नगर, वेयर हाउस, रघुनाथ मंदिर, शिव मंदिर रेहाड़ी, अग्रवाल सभा, जेएंडके ब्राह्मण सभा भी एलईडी लगाकर लोगों को अयोध्या का सीधा प्रसारण दिखाया गया। शहर के रघुनाथ मंदिर, वेयर हाउस, लक्ष्मी नारायण मंदिर, गांधी नगर, बावे वाली माता, तवी पुल पर बड़े भंडारे आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा तवी पुल और वेयर हाउस सहित कई जगहों पर आतिशबाजी की गई।