वरिष्ठ पत्रकार.इंटरनेशनल डेस्क।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भारी बारिश से अब तक 22 लोगों की मौत हो गई है। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने रविवार को बताया कि बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान के कारण शनिवार को अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई शहर प्रभावित हो गए। बारिश, तूफान और ओलावृष्टि के कारण पिछले 48 घंटे में 22 लोगों की मौत हो गई।
चीन में बवंडर से 5 की मौत
दक्षिणी चीन के ग्वांगझोउ में आए बवंडर में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 33 अन्य घायल हो गए। सीएनएन ने चीन के सरकारी मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी।
एक करोड़ 90 लाख की आबादी वाले शहर ग्वांगझोउ में स्तर-तीन (लेवल-3) की तीव्रता वाले बवंडर आ रहे हैं, जो उच्चतम स्तर-पांच से दो कम हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस बवंडर से 141 कारखानों की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। लेकिन कोई आवासीय घर नहीं गिरा।
बैयुन जिले के लियांगतियान गांव के मौसम केंद्र में अधिकतम 20.6 मीटर प्रति सेकंड की गति वाला हवा का झोंका दर्ज किया। रात 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) तक बचाव और राहत अभियान समाप्त हो गया था। बवंडर के बाद दक्षिणी चीन में कई दिनों तक भारी बारिश हुई। जिससे बाढ़ आ गई और लाखों लोगों का जीवन खतरे में पड़ गया। बचावकर्मी पानी में फंसे हुए निवासियों को निकाल रहे हैं।