वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को आज बहुत बड़ा झटका लगा है। उनके 2 बड़े नेता अपनी-अपनी को हमेशा के लिए अलविदा कह कर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। प्राथमिक सदस्यता प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दिलाई। मान ने कहा कि पार्टी में 2 बड़े चेहरों के शामिल होने से पार्टी को बल मिलेगा, उनका तह दिल से स्वागत किया जाता है। बता दें कि सुखपाल सिंह नन्नू (भाजपा में 2 बार विधायक), जबकि, दर्शन सिंह शिअद की तरफ से एक बार विधायक रह चुके है।
दोनों ही प्रमुख नेताओं ने पत्रकारों से खास बातचीत में कहा कि आप की नीतियों की वजह से उन्होंने पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया। खासकर, आम आदमी पार्टी किसानों के समर्थन में पंजाब में खूब काम कर रही है। बता दें कि नन्नू ने भाजपा को वर्ष 2021 में अलविदा उस समय कहा था, जब पंजाब में किसान आंदोलन चरम पर था। काफी समय तक वह राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहें, जबकि, आप में शामिल होने के बाद पार्टी उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। वरिष्ठ नेता होने के कारण नन्नू का जनता के बीच काफी अच्छी पकड़ है। ऐसे में आप उनसे इस चुनाव में काफी फायदा ले सकती है।
वहीं पूर्व विधायक दर्शन सिंह सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं। 2012 में वह बठिंडा ग्रामीण से अकाली दल से विधायक बने थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (बादल) खत्म हो गया है। लोगों का अकाली दल से विश्वास पूरी तरह से उठ चुका है, क्योंकि अब यह केवल बादल दल बनकर रह गया है जो स्वार्थी लोगों से भरा हुआ है।
मान ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति करती है। यही वजह है कि पंजाब के लोग उनको मौका नहीं देंगे। पंजाबी अपने आपसी भाईचारे के लिए जाने जाते हैं। यहां के लोग कभी भी किसी के खिलाफ किसी भी तरह की नफरत बर्दाश्त नहीं करते।

