वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू और उससे जुड़े प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) से जुड़े आतंकी साजिश मामले की जांच के तहत शुक्रवार को पंजाब में चार स्थानों पर छापेमारी की। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि एनआईए की टीमों ने मामले में संदिग्धों से जुड़े परिसरों में मोगा में एक स्थान, बठिंडा में दो स्थान और मोहाली में एक स्थान पर छापेमारी की। इसमें कहा गया कि छापेमारी में डिजिटल उपकरणों सहित विभिन्न आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई, जिनकी जांच की जा रही है।

एनआईए द्वारा जारी बयान में कहा गया कि यह मामला पन्नू द्वारा एसएफजे के अन्य सदस्यों के साथ कथित तौर पर रची गई साजिश से संबंधित है। इसमें कहा गया, “एनआईए ने शुक्रवार को एसएफजे नेता गुरुपतवंत सिंह पन्नू द्वारा आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों और हिंसा को बढ़ावा देने से संबंधित मामले में पंजाब भर में 4 स्थानों पर छापेमारी की।” एजेंसी ने एयर इंडिया के यात्रियों को धमकाने वाले वीडियो संदेश जारी करने के लिए 17 नवंबर, 2023 को पन्नू और एसएफजे के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
भारत विरोधी सोशल मीडिया में जारी किए थे संदेश
आतंकी पन्नू ने पिछले साल 19 नवंबर और उसके बाद एयर इंडिया के विमानों में यात्रा न करने को कहा था, जिसमें दावा किया गया था कि अगर वे एयरलाइन का विकल्प चुनते हैं तो उनकी जान को खतरा है। सूचीबद्ध आतंकवादी ने यह भी धमकी दी थी कि एयर इंडिया को वैश्विक स्तर पर परिचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद, एक हाई अलर्ट जारी किया गया और कनाडा, भारत और कुछ अन्य देशों में सुरक्षा बलों द्वारा जांच शुरू की गई, जहां एयर इंडिया उड़ान भरती है। उसे एनआईए ने वर्ष 2022 को अपराधी घोषित किया था।

