SNE NETWORK.CHANDIGARH.
पंजाब में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें एक साल पहले ही इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पार्टी सूत्रों से पता चला है कि अभी तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने जुलाई महीने से ही पार्टी से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। हालांकि भाजपा की मेंबरशिप मुहिम के शुभारंभ के समय वह मौजूद रहे थे।
पंचायत चुनाव पर चर्चा और तैयारियों को लेकर गुरुवार को पार्टी कार्यालय में मीटिंग रखी गई थी। इसके लिए भी वह नहीं आए थे। जब बीजेपी के किसी सीनियर मेंबर ने उन्हें इस बारे में फोन किया तो उनका जवाब था कि वह बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं और आगे भी किसी भी मीटिंग में शामिल नहीं होंगे।
इससे पहले जालंधर विधानसभा के उपचुनाव के बाद उनकी तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को बताया गया था कि वह प्रधान पद पर नहीं रहना चाहते हैं।
भले ही इस बार 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में पंजाब भाजपा एक भी सीट नहीं जीत पाई है। लेकिन वोट प्रतिशत के मामले में भाजपा का ग्राफ बढ़ा है। भाजपा अब राज्य के अब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बाद तीसरे नंबर पर आ गई है। भाजपा को करीब साढ़े 18 फीसदी वोट मिले थे। वहीं, बीजेपी का कहना था कि यह 2027 की तैयारी है।

