SNE NETWORK.CHANDIGARH.
इस बार पंजाब में सर्वसम्मति से चुनी जाले वाले पंचायतों की संख्या दोगुनी हो गई है। 3798 सरपंच और 48,861 पंच सर्वसम्मति से चुने गए हैं। इन पंचायतों को 5 लाख रुपये की राशि व एक बड़ी परियोजना की सौगात मिलेगी।
मुहिम रंग लाई राज्य चुनाव आयोग की
राज्य चुनाव आयोग की सर्वसम्मति से पंचायतें चुनने की मुहिम रंग लाई है। इसी का नतीजा है कि पिछले चुनाव के मुकाबले इसमें 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। आयोग की तरफ से इसलिए सर्वसम्मति से पंचायतें चुनने के लिए प्रेरित किया जाता है, क्योंकि इससे एक तो चुनाव पर होने वाला खर्च बचता है। साथ ही गांवों में भी अच्छा माहौल कायम रहता है, जिससे उनके विकास में भी मदद मिलती है।
जारी किए गए थे अलग से चुनाव चिह्न
इस बार पार्टी चुनाव चिह्न पर पंचायत चुनाव नहीं हो रहे हैं, क्योंकि सरकार ने इसके लिए विधानसभा में नियमों में संशोधन किया था। साथ ही चुनाव के लिए अलग से चुनाव चिह्न भी जारी किए गए थे और उम्मीदवारों को यही चुनाव चिह्न जारी किए जा रहे हैं। 13,237 ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए 15 अक्तूबर को मतदान होना है।

