वरिष्ठ प6कार.अंतरराष्ट्रीय डेस्क।
चाड के पश्चिम में एक सैन्य अड्डे पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर चालीस सैनिक मार दिए। देश के राष्ट्रपति ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति महामत डेबी इटनो ने सैन्य बेस का दौरा किया और हमलावरों को पकड़ने के लिए एक सैन्य अभियान शुरू करने की घोषणा की। चाड लंबे समय से अपने पश्चिम में नाइजीरिया की सीमा के पास विद्रोह से जूझ रहा है। इससे पहले जून में राजधानी एन’जामेना में एक सैन्य गोला-बारूद डिपो में विस्फोट के बाद आग लगने से 9 लोग मारे गए थे और 40 से अधिक घायल हो गए थे।
इस साल मार्च में हुए एक हमले में सरकार ने अतिवादी इस्लामी संगठन बोको हराम को दोषी ठहराया था, जिसमें 7 सैनिकों की मौत हो गई थी। चाड की सेना ने 2020 में चरमपंथी समूह के ठिकानों को नष्ट करने के लिए अभियान शुरू किया था। कुछ सालों की शांति के बाद चाड में हिंसा की आशंका फिर से पैदा हो गई है।
चाड में पश्चिमी शिक्षा के खिलाफ बोको हराम ने एक दशक से भी अधिक समय पहले विद्रोह शुरू किया था। यह संगठन नाइजीरिया के उत्तर-पूर्व में इस्लामी कानून स्थापित करना चाहता है। अब तक इस संगठन की गतिविधियां कैमरून, नाइजर और चाड समेत पश्चिम अफ्रीका तक फैल गई हैं।