वरिष्ठ पत्रकार.पटियाला।
एक महिला ने पति पर जानलेवा हमला करवाया। यह हमला महिला के प्रेमी द्वारा किया गया। पति की जान बच गई। वहीं पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी सहित हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना पटियाला के गांव मंजाल की है।
महिला के प्रेमी और उसके साथी ने महिला के पति पर फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने हर पहलू पर जांच आरंभ की तो पुलिस के सामने सच्चाई आई। सच्चाई को उगला पकड़े गए हमलावरों ने पुलिस के समक्ष। उन्हें पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में घायल बलजिंदर सिंह की पत्नी मनप्रीत कौर उर्फ गग्गी व उसका प्रेमी हरसिमरनजीत सिंह उर्फ गोरा निवासी गांव तेजा और उसका साथी करन सिंह उर्फ निखिल शामिल हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल 32 बोर समेत छह कारतूस, एक पिस्तौल 315 बोर समेत चार कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
यह था पूरा मामला
पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि मनप्रीत कौर के अपने पड़ोसी हरसिमरनजीत सिंह के साथ संबंध थे। मनप्रीत का पति बलजिंदर सिंह कंबाइनों पर काम के सिलसिले में अक्सर बाहर आता-जाता रहता था और ऊपर से आपस में दोनों का लड़ाई-झगड़ा रहता था। बलजिंदर सिंह अकसर अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। कुछ समय पहले बलजिंदर सिंह को अपने पत्नी के संबंधों के बारे में पता लग गया, जिसका उसने विरोध किया। रास्ते से बलजिंदर सिंह को हटाने के लिए पत्नी मनप्रीत कौर ने प्रेमी के साथ उसकी हत्या कराने की साजिश रची। मनप्रीत कौर ने पांच लाख रुपये की सुपारी अपने प्रेमी व उसके साथी करन सिंह को दी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
2 जनवरी को जब बलजिंदर सिंह गांव तेजा के ही रहने वाले पाला राम के साथ गांव मंजाल के ठेके पर शराब पीने के लिए गया, तो आरोपी करन सिंह मौके पर पहुंच गया। उसने पिस्तौल से फायर किए। गोली पाला राम को जख्मी करते हुए बलजिंदर सिंह की गर्दन की पिछली साइड में जा लगी। इससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए।