वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
फौजा सिंह को टक्कर मारने वाले कार ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान करतारपुर के दासूपुर गांव के रहने वाले NRI अमृतपाल सिंह ढिल्लों (30) के रूप में हुई है। अमृतपाल सिंह 8 दिन पहले ही कनाडा से लौटा था। पुलिस ने फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है। मंगलवार रात को उसे थाना भोगपुर में लाया गया था, जहां उससे गहनता से पूछताछ की गई। पुलिस उसे आज कोर्ट में पेश करेगी।
उधर, फौजा सिंह का अभी अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि उनके बेटे, बेटियां और अन्य रिश्तेदार कनाडा से आ रहे हैं। उनके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क द्वारा बनाई गई टीम ने कुछ गाड़ियां लिस्ट आउट की थीं। उनमें से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की पहचान मंगलवार देर शाम की गई। नंबर से पता चला कि उक्त गाड़ी कपूरथला के अठौली गांव के रहने वाले वरिंदर सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है।
जिसके बाद जालंधर पुलिस की टीमें कपूरथला रवाना हुईं और वरिंदर तक पहुंचीं। वरिंदर सिंह से पूछताछ में पता चला कि कनाडा से आए एक NRI अमृतपाल सिंह ढिल्लों ने उसकी कार खरीदी थी। हादसे के बाद अमृतपाल सीधा अपने गांव दासूपुर गया था। पूछताछ में अमृतपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सैर करने के लिए घर से निकले थे
खाना खाने के बाद घर से निकले थे:फौजा सिंह के छोटे बेटे हरविंदर सिंह ने बताया कि वह 14 जुलाई को 3 बजे खाना खाने के बाद सैर करने के लिए घर से निकले थे। उस समय मैं घर पर नहीं था। जब वह हाईवे पर पहुंचे तो एक अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उन्हें सिर, छाती और पसलियों पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
ICU में शिफ्ट करने के बाद दम तोड़ा: बेटे ने आगे बताया कि उनकी हालत में कुछ सुधार भी दिखाई दिया और उन्होंने खुद सिर के नीचे हाथ रखा हुआ था, लेकिन जब उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया, तब उनकी सांसें उखड़ने लगीं। शाम करीब 6 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

