वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली/चंडीगढ़।
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले गैंगस्टर ने खुद को मान घनश्यामपुरिया गिरोह से जुड़ा बताया है। गैंगस्टरों ने यह धमकी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दी है। डीएसपी बराड़ को पहले भी कई बार गैंगस्टरों से धमकियां मिल चुकी हैं।
सोशल मीडिया में वायरल पोस्ट
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। इस वीडियो में डीएसपी बराड़ को विक्की गौंडर और अन्य गैंगस्टरों का एनकाउंटर करने का बदला लेने की धमकी दी गई है। वीडियो में कहने वाला दावा करता है कि वह जल्द ही अपने भाई विक्की गौंडर का बदला लेने पंजाब आएगा। गैंगस्टर ने डीएसपी पर आरोप लगाया कि उन्होंने कई गैंगस्टरों का झूठा एनकाउंटर किया है।
कौन है DSP बिक्रमजीत बराड़
डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने विक्की गौंडर समेत कई नामी गैंगस्टरों का एनकाउंटर किया है। इस वजह से वे हमेशा सुर्खियों और गैंगस्टरों के निशाने पर रहे हैं। इतना ही पांच वीरता पदकों से डीएसपी बराड़ को सम्मानित किया जा चुका है और उन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से भी जाना जाता है। डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि गैंगस्टर अक्सर धमकियां देते रहते हैं, लेकिन वे इसकी परवाह नहीं करते और अपना काम करते हैं।

