वरिष्ठ पत्रकार.भटिण्ड़ा।

पंजाब के बठिंडा में एनआईए टीम मंगलवार पहुंची। बताया जा रहा है कि मामला ब्लास्ट मामले की जांच से जुड़ा है। पता चला है कि टीम कथित अपराधी गुरप्रीत सिंह के घर पहुंची। टीम के अलावा सेना एक्सपर्ट भी वहां पर पहुंचे थे। इसकी पुष्टि एक पुलिस अधिकारी ने की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गुरप्रीत जम्मू के कठुआ जाने वाला था। उसके घर से कठुआ की ट्रेन टिकट भी मिली है।
अपराधी से लगातार पूछताछ
बम किस केमिकल से कैसे एवं किस मकसद से बनाए जा रहे थे, इसके लिए पूरी गहराई से जांच की जा रही है। एनआईए की टीम, इस मामले में सेना एक्सपर्ट की सहायता इसलिए ले रही है, ताकि मामले की जांच हर पहलू से गहनता से की जा सकें। यह भी पता चला है कि एम्स बठिंडा में भर्ती घायल युवक गुरप्रीत सिंह से लगातार पंजाब पुलिस की टीम एवं एनआईए की टीम पूछताछ कर रही है।
जानिए, क्या था पूरा मामला
लगभग 9 दिन पहले गांव जीदा में युवक गुरप्रीत सिंह जब अपने घर के कमरे में केमिकल से बम बना रहा था तभी अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके की चपेट में आने से वह गंभीर घायल हो गया था। परिवार वालों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। उपचार के दौरान उसका एक हाथ काटना पड़ा है।
इसके बाद उसी दिन शाम के समय जब गुरप्रीत का पिता कमरे की सफाई कर रहा था तो फिर एक और ब्लास्ट हो गया। जिसमें उसके पिता जगतार सिंह भी घायल हो गया था। इस पूरे मामले में पुलिस ने युवक गुरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। बीते दिनों जब बम निरोधक टीम उक्त घर में जांच कर रही थी तो बम सामग्री नष्ट करते समय माइनर ब्लास्ट भी हुआ था। जिस कारण अब पुलिस को सेना की सहायता लेनी पड़ रही है।

